वाराणसी मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आलोक कुमार सिंह का आगमन शनिवार को सिटी रेलवे स्टेशन पर हुआ। निरीक्षण के दौरान साइकल स्टैंड में हेलमेट का शुल्क लेने की बात पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके साथ ही गंदगी फैलाने पर एक वेंडर पर जुर्माना देने का निर्देश दिया। उन्होंने निरीक्षण के समय जनता खाना देखने के साथ ही खाद्य सामग्रियों की सूची प्रदर्शित करने को कहा।
श्री सिंह आज दिन में करीब सवा बारह बजे सड़क मार्ग से यहां पहुंचे। यहां आते ही वह सबसे पहले परिसर में स्थित साइकल स्टैंड पहुंचे। वहां हेलमेट का शुल्क लेने की बात पता चलने पर उनकी त्योरी चढ़ गई। उन्होंने सुधार करने की हिदायत दी। कहा कि सुधार न होने पर कार्रवाई तय है। इसके बाद बुकिंग कार्यालय के निरीक्षण में उन्होंने वाणिज्य अधीक्षक श्रीनिवास दुबे से जानकारी हासिल की। चार्टिंग के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही।
वुल्फ कार्ट की सुविधा उपलब्ध होने के संबंध में सूचना प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। स्टेशन पर वाई-फाई के संबंध में दूरसंचार अभियंता केके मिश्र से जानकारी ली। इसके बाद श्री सिंह ने यात्री प्रतीक्षालय स्थित फीडिंग कक्ष में गंदगी पर नाराजगी जताते हुए कुर्सी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। एटीवीएम के संबंध में संबंधित कर्मचारी से पूछताछ की। प्लेटफार्म संख्या दो पर स्टाल के पास गंदगी देख उन्होंने वेंडर पर जुर्माना देने का निर्देश दिया। अन्य स्टालों पर खुली खाद्य सामग्री देखकर उसे ढंककर रखने की संबंधित को नसीहत दी। जनता खाना की गुणवत्ता के साथ ही चाय के कप की साइज की पड़ताल की। उनके निरीक्षण के समय स्टेशन अधीक्षक एनएस सिद्दीकी आदि उपस्थित थे।