गाजीपुर। सदर ब्लाक के सुलेमाबाद दलित बस्ती में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत रविवार को गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला संयोजक डा. संगीता बलवंत ने कहा कि हर वर्ग की बेटियों को शिक्षा से जोड़कर ही भारत को सशक्त बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि दलित समाज की बेटियां भी जब शिक्षा के क्षेत्र में आगे आएंगी, तभी आधी आबादी पूर्ण रूप से विकसित होगी। जमानिया की कक्षा-4 में पढ़ने वाली दलित समाज की तीरंदाजी राष्ट्रीय स्तर पर कई बार स्वर्ण पदक जीतने वाली अंजलि को राष्ट्रपति द्वारा 14 नवंबर को सम्मानित किया जाएगा, जो बेटियों के लिए गौरव की बात है।
मालती देवी ने कहा कि दहेज के कारण हमें कन्या भ्रूण हत्या को बंद करना चाहिए। बेटियां आज स्वयं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही है। अध्यक्षता कर रहे शिवराम ने कहा कि दलित वर्ग को अपनी बेटियों की शिक्षा पर बहुत ध्यान देने की जरूरत है।
हमारे समाज की बेटियां जब शिक्षित होंगी, तभी हमारा समाज तेजी के साथ विकास करेगा। गोष्ठी में राधेश्याम, मुकेश राम, मालती, साधना, संजू देवी, चंद्रकला, सुमन, प्रमिला, चिंता, रिशा, रीना, सोनी, बेइली, गीता और जीरा ने भी अपना विचार व्यक्त किया।