गाजीपुर। शहर के साथ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस की धूम दिखाई देने लगी है। इस मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों में उत्साह दिखाई दे रहा है। वह स्कूल के साथ ही घरों भी कार्यक्रम में शानदार प्रस्तुति के लिए पूर्वाभ्यास कर रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर एक तरफ जहां बड़ों में उत्साह दिखाई दे रहा है, वहीं स्कूलों में पढने वाले बच्चे भी उत्साहित है। इस अवसर पर स्कूलों में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित होता है। इसमें बच्चे भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। पिछले कई दिनों से नगर के लूदर्स कांवेंट, अवध पब्लिक स्कूल, सनबीम, माउंट लिटरा, सेंटजांस, आनंद मार्ग सहित अन्य स्कूलों में पिछले कई दिनों से बच्चे स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए पूर्वाभ्यास कर रहे हैं। इसको लेकर बच्चों में उत्साह दिखाई दे रहा है। बच्चे डांस, मार्च पास्ट, गीत आदि का अभ्यास कर रहे हैं। मंगलवार को दिन में साढ़े 12 बजे लूदर्स कांवेंट स्कूल परिसर का नजारा देखने लायक था। दर्जनों छात्राएं परिसर मौजूद थीं और अपने-अपने कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास कर रही थी। किसी टोली में साउंड पर बज रहे गीत पर बच्चियां डांस कर रही थी तो किसी में खुद मुंह से गाते हुए। पूर्वाभ्यास में लगी बच्चियों का लगन देख यह स्पष्ट हो रहा था कि उनसे मन में शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत करने की ललक थी। ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में भी बच्चे 15 अगस्त पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी के लिए पिछले कई दिनों से पूर्वाभ्यास कर रहे हैं।