थाने के बबुरा गांव के पास स्थित गेहूं के खेत में मंगलवार को एक युवक का शव मिला। युवक के चेहरे और गर्दन पर किसी धारदार हथियार से प्रहार किया गया है। मृतक नीले रंग की जींस और काले रंग की जैकेट पहने हुए है। शौच करने खेत की तरफ निकले ग्रामीणों ने शव को देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त करने की कोशिश की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो पाई थी।
क्षेत्र के भभौरा गांव के लोग मंगलवार की सुबह बबुरा गांव स्थित ताल के पास शौच के लिए गए थे। इसी बीच गेहूं के खेत में युवक का शव देखा और हत्या की सूचना बहरियाबाद थाने को दी। जानकारी होने पर थानाध्यक्ष दुर्गेश्वर मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव के आसपास गहनता से निरीक्षण किया। शव के पास टूटा मोबाइल, जूता आदि मिला।
मृत युवक के चेहरे और गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। कुछ देर बाद एसपी अरविंद कुुमार सेन भी घटना स्थल पर पहुंचे। इस संबंध में सैदपुर के सीओ प्रभात कुमार ने बताया कि युवक के शव को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि चेहरे और गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई है। शव के शिनाख्त का प्रयास जारी है। हालांकि अभी तक इस मामले में युवक की हत्या की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।