जिला जेल के बंदी मुर्तलीब के पुलिस हिरासत से भागने के मामले में लापरवाह पांचों पुलिसकर्मियों पर गाज गिर गई है। मेरठ में पांचों के खिलाफ ड्यूटी में लापरवाही बरतने का मुकदमा दर्ज किया गया है। इधर, एसपी सभाराज ने बंदी के साथ गए दरोगा समेत पांचों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया। हत्या, लूट, चोरी मारपीट आदि संगीन धाराओं के मुकदमों में संलिप्त जिला कारागार में बंद मुजफ्फरनगर के जाटान इलाके के गांव पुरकाजी निवासी मुर्तलीब पुत्र शराफत को पेशी पर ले जाया गया था। पुलिस लाइन में तैनात दरोगा सुरेश चौहान, एचसीपी नरेश सिंह, कांस्टेबल श्रीकांत, विपुल कुमार व मनिंदर देशवाल बंदी को लेकर गए थे। सोमवार शाम को मुजफफर नगर में पेशी कराने के बाद उसे बुलंदशहर जेल ले जाया जा रहा था। इस बीच बंदी मुर्तलीब पुलिस कर्मियों को चकमा देकर भाग निकला। इसकी जानकारी पुलिस कर्मियों ने जिला स्तर के अधिकारियों को नहीं दी थी। मेरठ पुलिस ने फरार बंदी और पांचों पुलिस कर्मियों के खिलाफ मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया। इधर, इस मामले में लापरवाही संज्ञान में आने पर पीलीभीत एसपी ने सख्ती की है। एसपी सभाराज ने बताया कि पांचों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा प्रतिसार निरीक्षक को भी बंदी ड्यूटी पर भेजने से पहले पुलिस कर्मियों को सही ढंग से ब्रीफ करने के निर्देश दिए गए है। मेरठ के एसएसपी से प्रकरण की जानकारी को लगातार संपर्क जारी है।