सैदपुर कोतवाली के जगदीशपुर गांव में बीते मंगलवार की रात पूर्व प्रधान की
बहू पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। घायल बहू को उपचार के लिए वाराणसी
ले जाया गया। इस मामले में पीडि़त की तरफ से एक अज्ञात युवक के खिलाफ
रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जगदीशपुर गांव के पूर्व प्रधान लालजी राम और
उनके परिवारीजन बीते मंगलवार की रात घर में सोए थे। रात में ही एक चोर घर
के पिछले हिस्से से छत पर चढ़ा और नीचे मकान में उतर गया। इसके बाद वह एक
कमरे के दरवाजे को बाहर से बंद कर रहा था। इसी दौरान खट-खट की आवाज सुनकर
अपनी पुत्री सूर्यांजलि के साथ सो रही पूर्व प्रधान की बहू लक्ष्मी देवी की
आंख खुल गई।
बाहर निकलते ही जैसे उसकी नजर घर में मौजूद चोर पर पड़ी, वह
शोर मचाने लगी। इस पर पकड़े जाने के डर से चोर ने लक्ष्मी पर चाकू से
ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और गले में लगे चाकू की चोट से वह लहुलूहान
होकर गिर पड़ी। उसकी आवाज सुनकर जब परिवार के लोग कमरे से बाहर निनकले, तब
तक चोर वहां से फरार हो चुका था। घटना की जानकारी होते ही पास-पड़ोस के लोग
भी मौके पर पहुंच गए।
परिजन आनन-फानन में घायल महिला को सैदपुर सामुदायिक
स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक
उपचार के बाद उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। इस मामले में पूर्व प्रधान
की ओर से एक अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस एक युवक
को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। इस संबंध में कोतवाल रामचंद्र
भारती का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज मामले की छानबीन की जा रही है।