शहर कोतवाली के जमानिया तिराहा पर मंगलवार की शाम बदमाशों ने मोटर गैरेज में घुसकर ट्रक बनवा रहे दो युवकों की पिटाई की और उनसे 54 हजार रुपये नगद एवं दो सोने की चेन छीन ले गए। दोनों पीड़ितों ने कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी।
रेवतीपुर गांव के बहोरिक राय पट्टी निवासी अमित राय का ट्रक दो दिन पहले कहीं दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। वह दयाशंकर राय के साथ रौजा तिराहा पर स्थित मोटर गैरेज में ट्रक बनवाने गए थे। गैराज के पास ही एक ट्रक चालक से किसी मुद्दे पर बात करने लगे तभी उसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और अमित और दयाशंकर से किसी बात का बहाना बनाकर झगड़ने लगे। कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
युवकों ने मारपीट कर अमित की जेब से 54 हजार रुपये छीन लिए। अमित को बालू की बिक्री से ये रुपये मिले थे। इसके अलावा उन्होंने अमित और दयाशंकर के गले से सोने की चेन भी छीन ली। मारपीट और लूट की जानकारी होने पर वहां भीड़ जमा होने लगी तो दोनों भाग निकले। इसके बाद दोनों पीड़ित कोतवाली पहुंचे और इस घटना के संबंध में अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी। क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि लूट के आरोप को संदिग्ध बताते हुए कहा कि ढाबे पर खाना खाते समय दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। दूसरे पक्ष का भी पता लगा लिया गया है और बुलाया गया है। पड़ताल के बाद ही इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।