परेवां गांव के करीमुल्लापुर मौजा में शुक्रवार की रात विवाहिता और तीन मासूम पुत्रों के शव फंदे से लटकते मिले। शनिवार की सुबह कमरे में चारों के शव अलग-अलग फंदे पर लटकते मिले। मायके वालों ने विवाहिता की ओर से मृतका के पति तथा ससुर के खिलाफ हत्या, दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पति तथा ससुर को हिरासत में लेलिया है।
एसपी डा. उमेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार सभी की मौत दम घुटने से हुई है । ऐसे में हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। घटना की वास्तविकता जानने के लिए फोरेंसिक टीम का भी सहारा लिया जा रहा है।
करीमुल्लापुर मौजा निवासी राजेश राजभर मजदूरी और दो बीघे भूमि में खेती करता था। वहीं उसकी पत्नी सुशीला देवी (33) गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में रसोइया की नौकरी करती थी। पिछले वर्ष रसोइया पद पर उसका नवीनीकरण नहीं हुआ। फिर भी वह सहायिका के रूप में विद्यालय में भोजन बनाने का काम कर रही थी। इसके एवज मेें उसे विद्यालय की रसोइयों द्वारा अपने वेतन में से पांच सौ रुपये दिए जाते थे।
माली हालत को लेकर पति और पत्नी में आए दिन झगड़ा होता था। चार दिन पूर्व और शुक्रवार को भी दोनों के बीच में झगड़ा हुआ था। शुक्रवार की रात उसने बच्चों और परिवारीजनों को खाना खिलाया। इसके बाद अपने तीनों पुत्रों आशीष (7), मनीष (5) तथा अनीस (2) के साथ कमरे में सोेने चली गई। उसका पति आंगन में सोया हुआ था।
घरवालों के अनुसार शनिवार की सुबह जब सुशीला और उसके बच्चे कमरे से बाहर नहीं आए तो सास माला देवी ने बहू को आवाज लगानी शुरू की लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। सास के शोर मचाने पर पास-पड़ोस के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और कमरा खुलवाने की कोशिश की। कमरा नहीं खुलने पर लोगों ने धक्का मारकर दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए।
कमरे के अंदर छत की कुंडी से सुशीला तथा उसके तीनों पुत्र आशीष, मनीष और अनीस का शव कमरे के अंदर ही बांस के डगरे पर प्लास्टिक की रस्सी के फंदे पर झूल रहा था। मृतका की दाहिनी आंख के नीचे और चेहरे पर जख्म के निशान भी पाए गए हैं। सूचना पर शादियाबाद पुलिस के साथ ही एसपी डा. उमेश चंद्र श्रीवास्तव, एएसपी सिटी सुनील कुमार सिंह, सीओ भुड़कुड़ा अतुल चौबे तथा फोरेंसिक टीम के विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और मामले की गहन छानबीन शुरू करते हुए शवों को कब्जे में ले लिया।
घटना की सूचना पर मृतका के मायके वाले भी पहुंच गए। मृतका के भाई दासा राजभर ने शादियाबाद पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन और भांजों की हत्या की गई है। दहेज के लिए उसे प्रताडि़त किया जा रहा था। सीओ भुड़कुड़ा अतुल चौबे ने बताया कि भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी पति राजेश तथा ससुर मिट्ठू राजभर के खिलाफ धारा 302, 498 ए तथा 3/4 डीपी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विवेचना की जा रही है।