सदर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार की रात चोर रायगंज मुहल्ला में रोडवेज के सेवानिवृत्त कर्मी के बंद मकान का ताला तोड़कर 50 हजार नकद, लाखों रुपये के जेवरात, 15 लाख का एफडी उठा ले गए। पीड़ित की तहरीर पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की।रोडवेज से सेवानिवृत्त कर्मचारी विरेंद्र गुप्ता शहर के रायगंज मुहल्ला में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। तीन दिन पूर्व पति-पत्नी की तबीयत खराब होने पर परिवार के लोगों ने दोनों को वाराणसी में एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया।
मकान में ताला बंद था। रात में चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद बड़े ही आराम से मकान के कमरों को बारी-बारी से खंगाला। इस दौरान आलमारी तोड़कर उसमें रखा 50 हजार नकद, चार लाख के जेवरात के साथ ही 15 लाख रुपये का फिक्स डिपाजिट के कागज उठा ले गए। सुबह करीब आठ बजे पड़ोसी वीरु ने जब दरवाजा खुला देखा तो विरेंद्र के पुत्र को फोन किया तो उसने बताया कि वह अभी वाराणसी में हैं तो पड़ोसी ने दरवाजा खुला होने की बात बताई।
विरेंद्र ने फोन से इसकी सूचना अपनी बहन प्रतिमा गुप्ता को दी, जो शहर के रजदेपुर में रहती है। यह जानकारी मिलते ही प्रतिमा मकान पर पहुंची। कमरे में गई तो देखा कि आलमारी टूटी हुई थी। उसने फोन से अपने भाई को इसकी जानकारी दी, तो पता चला कि क्या-क्या सामान चोरी हुआ।पीड़ित की तहरीर पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। मालूम हो कि बीते नौ जुलाई की रात शहर के रजदेपुर मुहल्ला निवासी टेलीफोन विभाग के जेटीओ नफीस अहमद के बंद मकान से 57 हजार नकदी सहित करीब साढ़े तीन लाख के जेवरात की चोरी हुई थी। हलांकि क्षेत्र में इस तरह की कई घटनाओं से लोग अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।