कोतवाली क्षेत्र के चंदनी गांव में शुक्रवार की भोर में करेंंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। चंदनी गांव निवासी दिनेश राम (30) भोर में वह सीवान में गया था। खेत की मेढ़ पर चढ़ते समय वह फिसल गया। अपने को संभालने के लिए उसने ट्रांसफार्मर के स्टे वायर को पकड़ लिया।
उसमें करेंंट आने की वजह से गंभीर रूप से झुलस जाने के कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सुबह जब ग्रामीण खेत की तरफ जा रहे थे तो ट्रांसफार्मर के बगल में युवक को गिरा देखा। उन्होंने इसकी सूचना घर वालों एवं पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
मृतक को दो पुत्री एवं एक पुत्र है। उसकी पत्नी एवं मां रो-रोकर बेहाल थी। उपजिलाधिकारी त्रिभुवन विश्वकर्मा ने मृतक के आश्रितों को विद्युत विभाग से सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। विद्युत स्पर्शाघात से दो दिन में मौत की यह दूसरी घटना है। गुरुवार की सुबह कमालपुर लोधी गांव में इमली की पत्ती तोड़ने गई रामदुलारी देवी की इमली के पेड़ पर तार गिरने से मौत हो गई थी। लोगों ने जर्जर तारों को बदलने की मांग की है।