करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में बुधवार की
रात अलाव से निकली चिंगारी से लगी आग में पांच झोपड़ियां जलकर राख हो गईं।
इस दौरान आग में झुलसकर एक गाय की मौत हो गई, वहीं हजारों रुपये का गृहस्थी
का सामान जलकर नष्ट हो गया।
जगदीशपुर गांव निवासी जंगली राम ने बुधवार
की रात ठंड से राहत पाने के लिए अलाव जलाया था। आग तापने के बाद परिवार के
लोग सो गए। देर रात अलाव से निकली चिंगारी से झोपड़ी में आग लग गई। जानकारी
होते ही अंदर सोए लोग शोर मचाते हुए झोपड़ी से बाहर भागे।
उनकी आवाज सुनकर
आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठे हो गए। जब तक लोग दो झोपड़ियों की आग को
बुझाने का प्रयास करते, आग ने बगल में स्थित सुभाष राम की दो और धन्नू राम
की एक झोपड़ी को अपने चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पांच झोपड़ियां
जलकर राख हो गईं।
इस घटना में सुभाष राम की गाय की आग में झुलसकर मौत हो
गई। वहीं झोपड़ियों में रखा हजारों रुपये का गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो
गया। जानकारी होने पर सुबह मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार और लेखपाल ने
पीड़ितों से घटना के संबंध में जानकारी लेते हुए उन्हें सरकारी सहायता दिए
जाने का आश्वासन दिया।