जिले में लूट की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। बदमाश अब भोर में भी लूटपाट करने लगे हैं। सादात थाना क्षेत्र के उदंती नदी पुल पर शुक्रवार की भोर में बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर एक युवक की बाइक, मोबाइल और 13 सौ रुपये लूट लिए। बाद में वह तमंचा लहराते हुए भाग निकले। पीड़ित युवक ने अज्ञात युवकों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव निवासी विजय कुमार भोर में बाइक से अपनी बहन कंचन को लेकर बीएड की परीक्षा दिलवाने वाराणसी जा रहा था। जैसे ही उदंती नदी पुल पर पहुंचा कि पीछे से दो बाइक सवार तीन युवकों ने ओवरटेक कर उसे घेर लिया। बदमाशों में से एक ने विजय को तमंचा सटा दिया और उसे बाइक से धक्का देकर गिरा दिया।
बदमाशों ने विजय की बाइक, उसकी पास रखे 13 सौ रुपये और मोबाइल छीन लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग गए। उसके बाद विजय ने शोर मचाया तो सुबह टहलने निकले ग्रामीण वहां जुट गए। युवक ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। एक व्यक्ति के मोबाइल से उसने परिवार वालों और पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। विजय ने अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी है।
लूट की घटनाओं का पर्दाफाश नहीं होेने की वजह से बदमाशों के हौसले बढते जा रहे हैं। पिछले तीन महीने में कई जगह व्यापारियों से लूटपाट की वारात हुई हैं लेकिन खुलासा नहीं हुआ। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि बदमाशों पर पुलिस का खौफ ही नहीं रह गया है।
हालांकि एसपी सिटी लल्लन राय ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गयी है। उन्होंने उन्मीद जताई कि जल्दी ही पुलिस इस घटना का पर्दाफाश करेगी और लूट में शमिल युवकों गिरफ्त कर लेगी।