दुल्लहपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र के भीखमपुर गांव के पास मंगलवार की देर रात दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो चोरी की बाइक तथा एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किया है।
दुल्लहपुर थानाध्यक्ष रितेंद्र प्रताप सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि दो लुटेरे बाइक से किसी घटना को अंजाम देने के लिए मरदह की तरफ जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस हरकत में आई और जलालाबाद से मरदह के बीच भीखमपुर के पास रात में 10 बजे वाहन चेकिंग करने लगी। इसी बीच एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस कर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। इस पर युवक बाइक की रफ्तार बढ़ा कर भागने लगे।
पुलिस कर्मियों ने पीछा कर कुछ ही दूरी पर उन्हें धर-दबोचा। तलाशी लेने पर एक के पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम जौनपुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र के दुगौली गांव निवासी राहुल सिंह तथा भुडकुड़ा थाना के पदुमपुर मदरा निवासी इंद्रराज सिंह बताया। पुलिस ने इंद्रराज की निशानदेही पर एक और चोरी की बाइक बरामद की। पकड़े गए राहुल पर वाराणसी और चंदौली जिले में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसकी पुलिस को काफी दिनों से तलाश थी।