दो थाना क्षेत्रों में रविवार को हुए सड़क हादसों में सेना के जवान सहित दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया। जबकि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जंगीपुर थाना क्षेत्र के पहेतिया-सिरौली गांव निवासी धर्मेन्द्र राजभर (30) जालंधर में सेना में कार्यरत था। वह छुट्टी में घर आया हुआ था। मां की दवा लाने वह सुबह बाइक द्वारा गाजीपुर पैसा निकालने आ रहा था।
शहर कोतवाली के बुजुर्गा पुलिया पर अचानक बाइक अनियंत्रित हो कर पुलिया से जा टकराई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने पुलिस को खबर की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिरनो संवाददाता के अनुसार, दुल्लहपुर थाना के लेदिहा गांव निवासी रामविजय यादव (29) बाइक से गाजीपुर किसी काम से आ रहा था। ढेबुहा चट्टी पर सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। इसमें रामविजय गंभीर रूप से घायल हो गया।
दूसरी बाइक पर सवार बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के नरहन गांव निवासी प्रत्यूष सिंह (30) घायल हो गया। लोगों ने दोनों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया जहां डाक्टरों ने रामविजय को मृत घोषित कर दिया।
जबकि प्रत्यूष को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।