करंडा(गाजीपुर)। क्षेत्र के भटौली बाजार में रविवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पास न देने पर एक बाइक सवार युवक ने पिकअप चालक पर पिस्टल की मुठिया से प्रहार कर घायल कर दिया। लोग जैसे ही हमलावर को पकड़ने के लिए दौड़े, वह बाइक छोड़ कर फरार हो गया। घायल चालक हमलावर की बाइक को पिकअप पर लाद कर थाना पहुंचा और अज्ञात हमलावर के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
थाना क्षेत्र के मेहरौली निवासी पिकअप स्वामी संतोष सिंह अपने पिकअप वाहन से गाजीपुर से चोचकपुर की तरफ सवारी लेकर जा रहा था। इसी दौरान दिन में करीब सवा 11 बजे बिना नंबर की एक बाइक पर सवार युवक ने पास लेना चाहा। पिकअप चालक ने पास नहीं दिया। बाइक सवार युवक ने रफ्तार बढ़ा कर पिकअप से पास लिया और भटौली बाजार में पिकअप चालक को रोक लिया और उसे वाहन से नीचे बुलाया। बाइक के पास पहुंचते ही युवक ने पिस्टल निकाला और चालक संतोष पर मुठिया से वार करने लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। इस घटना के दौरान तमाम लोग तमाशबीन बने रहे। इसी बीच कुछ लोगों ने हिम्मत जुटाई और ललकारते हुए हमलावर की तरफ दौड़ पड़े। लोगों का आक्रोश देख हमलावर युवक बाइक छोड़ कर फरार हो गया। चालक ने लोगों की मदद से हमलावर की बाइक को पिकअप पर लदवाया और उसे लेकर थाना आया। इस मामले में घायल ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही हमलावर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।