गाजीपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के सेंट जॉन्स स्कूल के पास शुक्रवार को दिन में तीन बजे के करीब बाइक सवार हमलावरों न एक युवक को गोली मार दी। युवक पैदल ही अपने घर जा रहा था। गोली उसके दाहिने हाथ में लगी और वह जख्मी हो गया। आनन-फानन में युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। उधर घटना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल युवक से पूछताछ की। घटना के पीछे गुरुवार की रात पति-पत्नी के बीच विवाद बताया जा रहा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अतरौली निवासी आशीष मिश्रा (30) पुत्र रामाशंकर मिश्रा की शादी चंदौली जनपद के सकलडीहा में हुई है। शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। गुरुवार की रात दोनों के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी ने पति के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी थी। बावजूद पुलिस पति-पत्नी के बीच का मामला बता कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की। दूसरे दिन आशीष अपने घर के समीप सेंट जॉन्स स्कूल के पास से घर की तरफ जा रहा था। तभी बाइक सवार तीन हमलावर उसके नजदीक आए और गोली मार दी। संयोग रहा कि गोली उसके दाहिने हाथ में लगी। गोली लगते ही आशीष लहूलुहान हो शोर मचाने लगा। यह देख आस-पास के लोग वहां पहुंच गए। उसे इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाए और घटना की सूचना पुलिस को दी। युवक की हालत गंभीर देख उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। उधर पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ करने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आशीष का आरोप है कि हमलावर कोई और नहीं उसके ससुराल के लोग हैं। वह उसकी हत्या कराना चाहते हैं।