गाजीपुर। बहरियाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार की देर रात प्यारेपुर के पास पुलिया पर वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार तीन इनामिया बदमाशों को हल्की मुठभेड़ के बाद धर दबोचा। तलाशी लेने पर बदमाशों के पास से एक पिस्टल, दो तमंचा, तीन कारतूस के साथ एक मोबाइल और बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने पत्रकार वार्ता के दौरान गुरुवार को पुलिस कार्यालय में इसका खुलासा किया।
एसपी ने बताया कि बहरियाबाद एसओ विपिन सिंह, क्राइम ब्रांच के प्रभारी रवींद्र भूषण मौर्या और बरेसर थानाध्यक्ष राम विराज सिंह प्यारेपुर चट्टी स्थित पुलिया पर देर रात वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि तीन इनामिया बदमाश बाइक से सैदपुर की तरफ किसी घटना को अंजाम देने जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम वाहन चेकिंग करने लगी। उसी समय एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने टार्च जला कर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। बदमाश बाइक की गति बढ़ा कर आगे निकले और बाइक छोड़ कर खेत की तरफ भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने दौड़ा कर तीनों को धर दबोचा। इस दौरान हल्की मुठभेड़ भी हुई। पकड़े गए बदमाशों की पुलिस ने तलाशी ली। उनके पास से एक पिस्टल , दो तमंचा, तीन कारतूस , एक मोबाइल फोन और बाइक बरामद किया। पुलिस तीनों बदमाशों को थाना ले आई। पुलिस के पूछताछ में तीनों ने अपना नाम बरेसर थाना के न्यायीपुर निवासी ओमप्रकाश यादव, रसूलपुर निवासी अजीत यादव तथा देईपुर बघांव निवासी चंद्रजय उर्फ बिहारी राम बताया। पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने बताया कि पकड़े गए बदमाश ओमप्रकाश यादव पर 20 हजार, चंद्रजय पर भी 20 हजार तथा अजीत यादव पर 15 हजार का ईनाम है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए बदमाशों पर जनपद के कई थानों में दर्जन भर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को इनकी लंबे समय से तलाश थी।