भांवरकोल(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के भांवरकोल मोड़ पर रविवार की देर रात एक बारात से लौट रही स्कार्पियो के बिजली के खंभे से टकरा जाने से एक युवक की मौत हो गई। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी होते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। इसमें गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल भेजवाया।
बलिया जिले के भीमपुरा थाना के चरौबा गांव निवासी करीमन ठाकुर के पुत्र सोनू की बारात भांवरकोल के तरांव गांव निवासी विनोद ठाकुर के घर गई थी। बारात समय से पहुंचने के बाद द्वारपूजा के बाद बाराती खाना खाने के बाद कुछ लोग रात में ही स्कार्पियो से वापस घर जा रहे थे। स्कार्पियो की गति काफी तेज होने के कारण भांवरकोल मोड़ पर चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा और स्कार्पियो सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सीमेंट का खंभा टूट गया और स्कार्पियो सड़क किनारे खाई में चली गई। इस घटना में कार में सवार आनंद कुमार सिंह (34) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इस हादसे में अमर सिंह (35) तथा सत्यम (12) गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना के बाद रात में गुजर रहे किसी वाहन चालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार से शव को बाहर निकाला तथा दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। इस घटना की जानकारी होते ही बारात में आए लोग भी वहां पहुंच गए।