गाजीपुर। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सोमवार की देर रात अज्ञात कारणों लगी आग में 170 बोझ चारा जल गया तथा मंगलवार को विद्युत शार्ट-सर्किट से निकली चिंगारी से लगी आग में दो भैंस गंभीर रुप से झुलस गई। आग में लाखों रुपये के बाइक के पार्ट्स भी जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर किसी तरह आग पर काबू पाया।
करंडा संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के सलारपुर गोशंदेपुर निवासी किसान सुरेंद्र सिंह कुशवाहा के घर के बाहर बिजली की तार में हुई शार्ट सर्किट से आग लग गई। इसमें 170 बोझ बाजरे के सूखा जल गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। मनिहारी संवाददाता के अनुसार हंसराजपुर बजार में मोती यादव की बाइक पार्ट और ट्यूब की दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आस-पास के दुकानदारों ने इसकी सूचना पीड़ित और फायर बिग्रेड को दी। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया। खानपुर संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के दरवेपुर गांव में लालता राजभर के मकान के बाहर मड़ई में अज्ञात कारणों से आग लग गई। उसमें बंधी दो भैंस गंभीर रुप से झुलस गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। दूसरे दिन पहुंचे पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशिष ने दोनों झुलसे पशुओं का उपचार किया।