जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के दरौली गांव के सिवान में गुरुवार की सुबह खेत में लगी आग में झुलसने से संदिग्ध परिस्थितियों में एक सेवानिवृत्त फौजी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक के भाई ने तहरीर दी है।
इलाके के दरौली गांव निवासी सेवा निवृत फौजी रामनगीना कुशवाहा का सिवान में खेत है। गुरुवार को दिन में करीब 11 बजे कुछ लोगों की नजर खेत में लगी आग पर पड़ी। आग बुझाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण दौड़कर खेत में पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। इसी दौरान उनकी नजर खेत में जलकर मृत एक व्यक्ति पर पड़ी। शव इस कदर झुलसा हुआ था कि लोग पहचान नहीं पा रहे थे। लोगों ने ध्यान से देखा तो देखा कि मृतक का दायां हाथ कटा हुआ था। इससे लोगों ने शव की पहचान नगीना कुशवाहा के रूप में करते हुए जानकारी उसके परिवार वालों को दी।
आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंचे। शव पर नजर पड़ते ही वह चीख-पुकार करने लगी। पत्नी बादामी देवी छाती पीटकर बिलखने लगी। मौजूद लोग बिलख रहे लोगों को सांत्वना देने में जुटे रहे। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे कोतवाल दिलीप सिंह ने परिवार के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के छोटे भाई छविनाथ कुशवाहा ने घटना की लिखित सूचना दी है। उसने कहा है कि है कि राम नगीना कुशवाहा अपने खेत में पराली जलाने के लिए घर से निकले थे। शायद उसे जलाने के दौरान उनके कपड़ा में आग पकड़ लिया हो, जिससे झुलसकर उनकी मौत हो गई हो।