मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गाजीपुर-हाजीपुर हाईवे पर शनिवार को हरिबल्लमपुर उर्फ अलावलपुर गांव के पास एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप सवार सभी 19 लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुहम्मदाबाद पहुंचाया। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मुर्की अगाध गांव के आयोध्या यादव पहलवान का निधन हो गया था। अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीणों के साथ परिजन शव लेकर सुल्तानपुर गंगा तट पर आए थे। शवदाह के बाद लौटते समय दिन में करीब दो बजे हरिबल्लमपुर गांव के पास एक वाहन को बचाने के चक्कर में पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। चीख-पुकार सुन आसपास लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े। आनन-फानन में सभी लोगों को वाहन से बाहर निकाला। हादसे में रामबचन यादव (65), श्रीनाथ राम (65), अरविंद्र यादव (22), राजेंद्र यादव (50), बब्लू यादव (30), सुरेश यादव (45), रमेश यादव (28), संतोष यादव (30), श्लोक पासवान (50), खरपत्तू यादव (50), पुरषोत्तम यादव (55), श्रीराम यादव (55), महेंद्र यादव (35), बसंत सिंह यादव (30), ह्रदयनरायण पासवान (52), रामलोचन यादव (55), मुन्ना यादव (35), रामजी यादव (60), प्रमोद यादव (50) घायल हो गए। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को शिवपूजन राय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद भेजा। चिकित्सकों ने रामबचन यादव एवं शिवनाथ राम की गंभीर हालत देख दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों भी अस्पताल पहुंच गए।