मरदह(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के मटेहूं पुलिस चौकी के सामने स्थित एक मकान में रविवार को बालू लदा ट्रक अनियंत्रित हो चहारदीवारी तोड़ते हुए घुस गया। घटना में चार पशुओं की दब कर मौत हो गई। इस बीच घर-गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से ट्रक को बाहर निकलवा कर कब्जे में ले लिया। साथ ही ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
गाजीपुर-मऊ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मटेहूं पुलिस चौकी के सामने स्थित डॉ. अनिल राजभर का घर है। बालू लाद कर गोरखपुर जा रहे एक ट्रक पुलिस चौकी के सामने अनियंत्रित होकर डॉ. अनिल राजभर के घर में जा घुसा। इस दौरान बंधी तीन भैंस और एक गाय ट्रक के पहिये की चपेट में आ गई। इससे दबकर उनकी मौत हो गई। ट्रक के घर में घुसते ही परिवार के सदस्य चीखने-चिल्लाने लगे। आवज सुन कर ग्रामीण और चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी किसी अनहोनी की आशंका से घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। घर में ट्रक घुसा देख ग्रामीण राहत बचाव कार्य में जुट गए। इससे घर-गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया। पुलिस ने जेसीबी के सहारे ट्रक को निकलवा कर कब्जे में ले लिया। पीड़ित की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर हिरासत में लेकर चालान कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। साथ ही ट्रक चालक आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज गांव निवासी मोहित यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।