खानपुर। सैदपुर बाजार में उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी ने गुरुवार को दिशा गन हाउस पर छापेमारी की। इस दौरान दस्तावेज सही न पाए जाने पर दुकान को सीज करने की कार्रवाई कर दी।
सैदपुर एसडीएम वेदप्रकाश मिश्र और क्षेत्राधिकारी रामबहादुर सिंह ने पुलिस कर्मियों के साथ सैदपुर बाजार में स्थित दिशा गन हाउस पर छापा मारा। इस दौरान रजिस्टर की जांच-पड़ताल की। जांच-पड़ताल में यह बात सामने आई कि दुकान का 2010 के बाद से रिनुअल नहीं कराया गया है, जबकि 2016 तक दुकान से कारतूसों की बिक्री की गई है। इसके लिए अधिकारी द्वय ने दुकानदार को जमकर फटकार लगाते हुए दुकान को सीज करने की कार्रवाई की। इस संबंध में उपजिलाधिकारी ने बताया कि 2010 के बाद दुकान का रिनुअल नहीं कराया गया था। इससे इसे सीज करने की कार्रवाई की गई है। दुकानदार द्वारा दुकान को रिनुअल कराने के बाद उसे कार्रवाई से मुक्त कर दिया जाएगा। जिन लोगों ने दुकान में असलहा जमा किया है, उनका असलहा चुनाव बाद वापस करा दिया जाएगा। अधिकारियों द्वारा छापेमारी के मौके पर अफरा-तफरी मची रही। बड़ी संख्या में लोग खड़े होकर इस कार्रवाई को देखते रहे। लोग एक-दूसरे से यह पूछते नजर आए कि आखिरकार क्या बात है, पुलिस दुकान में क्या करने के लिए आई थी।