सैदपुर। स्थानीय बाजार स्थित एसबीआई में गुरुवार को उचक्कों ने एक महिला से बड़े नोट के बदले छोटा नोट लेकर 38 हजार रुपया ठगी कर लिया। इस मामले में पीड़ित महिला ने कोतवाली में दो अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कन्हईपुर गांव की रहने वाली नीरा यादव मकान बनवाने के लिए औड़िहार स्थित एक जनसेवा केंद्र पर 40 हजार रुपये लेने आई। वहां उसे केवल 10 हजार रुपये ही मिला। वह शेष रुपया लेने के लिए सैदपुर स्थित स्टेट बैंक पहुंची और 40 हजार रुपये निकाला। कैशियर ने उसे सौ-सौ का नोट दिया। रुपया लेकर वह बैंक में गिन रही थी। इसी बीच दो युवक बैंक में पहुंचे और महिला से कहा कि उनके पास बड़ी नोट है और उन्हें छोटी नोट चाहिए। इस पर नीरा ने उन्हें छोटे नोट देकर बड़े नोट ले लिए और घर चली आईं। घर पहुंचकर जब देखा तो उचक्कों ने सिर्फ एक दो हजार का नोट देकर बाकी के 38 हजार रुपयों पर हाथ साफ कर दिया था। इसके बाद पीड़ित ने रात में ही सैदपुर थाने में तहरीर दी। बैंक के सीसीटीवी में दोनों उचक्कों की तस्वीर साफ दिख रही है। फुटेज में लेन देन के दौरान एक उचक्का उसके अगल-बगल घूम रहा था। इस संबंध में सीओ रामबहादुर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। शाखा प्रबंधक प्रमोद भगत ने कहा कि महिला अपने परिजनों संग आई थी तो फुटेज देखा तो घटना स्पष्ट हो गई।