फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करेंट की जद में आने से छात्र की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
करीमुद्दीनपुर/दुबिहा(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर लतीफ गांव में गुरुवार की सुबह हैंडपंप बनाते समय ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार में सरिया सटने से करेंट लगने से एक छात्र की मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई करेंट के झटके से छत से नीचे गिर कर घायल हो गया। उसका उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
विज्ञापन

मुहम्मदपुर लतीफ गांव निवासी रामजी यादव के हैंडपंप का वाशर खराब हो गया था। उसके पुत्र संजीत (15) ने गुरुवार की सुबह करीब सात बजे वाशर बदलने के लिए हैंडपंप को खोला। हैंडपंप से निकाले जाने वाले सरिया को पकड़ने के लिए अपने चचेरे भाई रामसकल यादव के पुत्र सुग्रीव यादव (14) को छत पर भेजा। संजीत ने करीब 20 फीट लंबे सरिया को हैंडपंप से निकालते हुए ऊपर किया। छत पर मौजूद उसका चचेरा भाई सुग्रीव भी छत से सरिया को खींच रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार में सरिया सट गया, जिससे करेंट का झटका लगने से सुग्रीव छत से नीचे गिर गया। जबकि नीचे हैंडपंप के पास खड़े संजीत की करेंट की जद में आने से मौके पर मौत हो गई। घायल सुग्रीव को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। संजीत की मौत से घर में कोहराम मच गया। मां रीता देवी शव के पास बैठकर चीख-पुकार करने लगी। मौजूद लोग उसे सांत्वना देने में जुट गए। मृतक संजीत के पिता एवं दो बड़े भाई दूसरे जिले में प्राइवेट नौकरी करते हैं। संजीत कक्षा सात में पढ़ता था और अपनी मां के साथ घर पर रहता था। परिजनों ने घटना की सूचना मृतक के पिता और भाइयों को दी। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि उसे ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है और न ही किसी ने ऐसे किसी मामले की तहरीर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें