करंडा। खेत में घास काटकर वापस लौट रही एक बालिका के साथ मंगलवार की शाम एक अधेड़ ने दुराचार किया और बालिका को खेत में बेहोश छोड़कर फरार हो गया। घटना के कुछ देर बाद उसे होश आया और वह किसी तरह अपने घर पहुंची और अपनी आप बीती घर वालों को बताई। पुलिस ने बालिका के पिता की तहरीर पर एक व्यक्ति के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को देर रात गिरफ्तार करने के बाद संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 12 साल की एक बालिका मंगलवार की शाम खेत में पशुओं के लिए चारा लाने गई थी। वापस लौटते वक्त इसी गांव का रहने वाला एक अधेड़ रास्ते में मिला और बालिका को जबरदस्ती उठाकर पास स्थित बाजरे के खेत में ले गया, और उसकी अस्मत लूट ली। कुछ देर बाद बालिका को होश आने पर वह लड़खड़ाते हुए किसी तरह घर पहुंची और परिवार के लोगों को सारी आप बीती बताई। इसी दौरान गांव वालों को घटना की जानकारी हो गई और उन्होंने 100 नंबर पर पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने पीड़िता से घटना के संबंध में जानकारी लेने के बाद किशोरी को जिला अस्पताल लाई और उसका उपचार कराते हुए मेडिकल कराया। किशोरी के पिता की तहरीर पर रात में करीब एक बजे पुलिस ने आरोपी को घर से गिरफ्तार कर लिया। सीओ हृदयानंद ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी हरिहर को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसे पाक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में चालान कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।