सैदपुर (गाजीपुर)। नगर में विद्युत बकाएदारों से वसूली को लेकर विद्युत विभाग सक्रिय हो गया है। बुधवार को उपखंड अधिकारी ओपी सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाकर कनेक्शनों की जांच की गई। इस दौरान अवैध रूप से चल रहे एक अस्पताल संचालक सहित चार अन्य लोगों के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
चेकिंग टीम में शामिल जेई मोहनलाल ने बताया कि जौहरगंज स्थित आदर्श हास्पिटल का बिल बकाया होने के कारण काफी पहले ही कनेक्शन काट दिया गया था। लेकिन उन्होंने बिना बिल जमा कराए अथवा बिना विभाग को सूचित किए अवैध रूप से पुन: कनेक्शन जोड़कर विद्युत उपभोग करने लगे। इसके साथ ही अवैध रूप से बिजली जला रहे चार अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके साथ ही नगर में चार लोगों द्वारा बकाया बिल जमा न करने पर उनका कनेक्शन काटते हुए जल्द से जल्द बिल जमा करने की हिदायत दी गई। एसडीओ ओपी सिंह ने बताया कि चेकिंग अभियान लगातार चलता रहेगा। इस दौरान जो लोग भी बिजली चोरी करते हुए पाए जाएंगे, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही बड़े बकाएदारों का कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। चेकिंग टीम में राजकुमार विश्वकर्मा, सुनील यादव, सलीम, महेंद्र, सोनू सिंह आदि शामिल थे। चेकिंग के चलते उपभोक्ताओं में अफरा-तफरा मची रही। इस दौरान खासकर वे लोग अधिक परेशान थे, जो या तो अवैध रूप से बिजली जला रहे थे या जिनका विभाग पर अधिक बकाया था।
..