नंदगंज। थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी बहन के यहां रह रही एक युवती से उसका दूर का रिश्तेदार शादी का झांसा देकर महीनों से शारीरिक संबंध बनाता रहा। इसकी जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने युवक से शादी की बात कही। युवक द्वारा शादी से इंकार करने पर पीड़िता के पिता ने थाना में तहरीर दी। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
गुरुवार की देर शाम दी गई तहरीर में पीड़ित युवती के पिता ने आरोप लगाया है कि उसकी छोटी बेटी बड़ी बहन के घर पर रहती थी। दूर का रिश्तेदार युवक बीते 29 नवंबर 2017 से युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। इसके बारे में किसी को न बताने के लिए उसे डराता-धमकाता भी रहा। जब युवती ने यह बात परिजनों को बताई तो परिजनों के होश उड़ गए। जब 15 दिसंबर को उक्त युवक से युवती से शादी करने का प्रस्ताव रखा गया तो उसने कहा कि उसे जो करना था, वह कर चुका है। अब दस लाख रुपया दहेज मिलने पर भी शादी नहीं करेगा। रिपोर्ट दर्ज कराने की बात पर आरोपी के पिता, भाई, मां और बहन ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा आलोक प्रसाद ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी सकरताली गांव निवासी हरेंद्र, उसके पिता, माता, भाई और बहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा जाएगा। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।