भांवरकोल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के कुंडेसर पावर हाउस के पास बुधवार को लूट की झूठी सूचना पर पहुंची पुलिस को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। पुलिस ने सूचना देने वाले शिक्षक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
बसनियां निवासी शिक्षक राजेश्वर सिंह यादव कुंडेसर ग्रामीण बैंक से नब्बे हजार रुपया निकाला था। वह बाइक से घर जा रहे थे। तभी कुंडेसर पावर हाउस के पास पहुंचकर पुलिस को सूचना दिए कि बाइक सवार दो युवक जबरदस्ती उसके झोले में रखा नब्बे हजार रुपया लूट लिए। सूचना पर थानाध्यक्ष सुरेंद्र पांडेय पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। इस मामले में पीड़ित शिक्षक से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो बताया कि वह पैसा मुर्तजीपुर निवासी अपने साला सोनू को दिया है। वह गांव के ही एक युवक को फर्जी फंसाना चाहता था। जिसका उससे विरोध चल रहा है। लूट की झूठी सूचना पर घंटों पुलिस हलकान रही। इस मामले में सीओ महिपाल पाठक ने बताया कि झूठी सूचना देने वाले शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।