वाराणसी-गाजीपुर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के तहत कोतवाली क्षेत्र केनसीरपुर गांव में शुक्रवार की शाम जेसीबी से सड़क किनारे खुदाई के दौरान दीवार गिरने से आक्रोशित चाचा और भतीजे ने जेसीबी चालक को मारपीट कर बंधक बना लिया। सूचना पर एसडीएम सत्यम मिश्र, एनएचएआई के लाइजनिंग अधिकारी विनोद कुमार सिंह, पीएनसी के हाईवे इंजीनियर एचएनयादव एवं डिप्टी प्रोजैक्ट मैनेजर आरबी सिंह पहुंचे और चालक को छुड़ा कर ले आए। अधिकारियों ने चाचा-भतीजे के खिलाफ सैदपुर थाना में मुकदमा दर्ज कराया।
नसीरपुर निवासी शिवधारी कुशवाहा का मकान एनएच-29 के चौड़ीकरण के तहत अधिग्रहित किया गया है। इस समय निर्माण कार्य पीएनसी कंपनी द्वारा किया जा रहा है। शाम को जेसीबी से सड़क किनारे खुदाई की जा रही थी। जेसीबी से धक्का लगने के कारण शिवधारी कुशवाहा की दीवार भी गिर गई। इससे आक्रोशित होकर शिवधारी ने अपने भतीजे के साथ जेसीबी चालक अयोध्या निवासी ऋषिकांत (35) को लात-घूंसों से मारा पीटा और उसे उठा कर पास में स्थित एक भट्ठे पर लेते गए। इसकी सूचना मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम के साथ एनएचएआई और पीएनसी के अधिकारी पहुंचे और किसी तरह समझा बुझा कर चालक को ले आए। साथ ही पुलिस टीम ने शिवधारी को भी हिरासत में ले लिया। लाइजनिंग अधिकारी विनोद सिंह ने बताया कि शिवधारी को मुआवजा दे दिया गया है। इसके बावजूद उन्होंने चालक को मारा पीटा। इस संबंध मेें कोतवाल शरदचंद्र त्रिपाठी ने बताया कि विनोद सिंह की तहरीर पर शिवधारी समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्जकर छानबीन की जा रही है। शिवधारी को हिरासत में ले लिया गया है।