गाजीपुर। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के बघांव गांव में हुई दलित युवती की हत्या बदमाशों ने निर्ममता के साथ धारदार हथियार से गला रेतकर और जगह-जगह वार कर की थी। यह खुलासा मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। युवती से दुष्कर्म की पुष्टि हो सके, इसके लिए स्लाइड जांच चिकित्सकों के पास भेजी गई है। इधर पुलिस ने शनिवार की देर शाम मृतका का पोस्टमार्टम कराने के बाद रविवार को शव परिजनों को सौंप दिया।
पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव उसके गांव पहुुंचते ही परिजनों के रोने बिलखने की आवाज से पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। परिजन युवती के शव को देखकर बिलख रहे थे। वहीं ग्रामीण वीभत्स हत्या से पूरी तरह सहमे थे। परिजनों ने शव आने के बाद ग्रामीणों के साथ मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया। उधर पुलिस ने शनिवार की ही देर शाम तक मृतका का पोस्टमार्टम करा दिया था। चिकित्सकीय सूत्रों की मानी जाए तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की हत्या बड़ी बेरहमी से गला रेतकर और शरीर पर जगह-जगह वार कर की गई है। दुष्कर्म की पुष्टि करने के लिए स्पर्म की जांच के लिए स्लाइड को सुरक्षित करने के साथ चिकित्सकों के पास भेज दिया गया है। सूत्रों की मानी जाए तो युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी। स्लाइड की जांच के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि होगी। फिलहाल पुलिस हत्या मेें शामिल आरोपियों को चिन्हित करने के साथ घटना स्थल पर मिले साक्ष्य को एक-एक करके जांच कर छानबीन में लगी हुई है। इस संबंध में एसपी सोमेन वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ भी स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल मामले की जांच तेजी से चल रही है।