जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के गाजीपुर-सैयदराजा मार्ग पर शनिवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे फाटक का बूम टूट गया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। दो घंटा तक स्लाइडर गेट के सहारे ट्रेनों को पास कराया गया।
गाजीपुर-सैयदराजा मार्ग पर शनिवार की शाम किसी ट्रेन के गुजरने से पहले चार बज कर 20 मिनट पर स्टेशन के पास स्थित रेलवे गेट संख्या 88-ए बंद हो गया। इसी दौरान सैयदराजा की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बूम को टक्कर मार दिया, जिससे वह टूट गया। मौका पाकर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। गेटमैन ने तत्काल इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। जानकारी होते ही सिग्नल विभाग की ज्योति सिंह मौके पर पहुंची। करीब दो घंटा बाद छह बजे फाटक को दुरुस्त किया गया। मरम्मत के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बने स्लाइडर गेट के सहारे ट्रेनों को पास कराया जाता रहा। इस संबंध में स्टेशन मास्टर गनेश सिंह ने बताया कि बूम टूटने की वजह से ट्रेनों के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।