जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के राघवपुर गांव में अपनी मां के ननिहाल रह रही किशोरी की शुक्रवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर के बाहर बैठके में उसने फांसी के फंदे से लटक कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। घटना के वक्त बैठके में घर का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। घटना की सूचना परिवार वालों ने पुलिस को दी। मौके से शव को कब्जे में ले पुलिस ने अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी।
नगसर थाना क्षेत्र के नवाजुराय गांव निवासी रितु कुमारी (15) पुत्री रामदयाल सिंह कुशवाहा अपनी मां शीला देवी के ननिहाल राघवपुर में पिछले चार साल से रह कर पढ़ती थी। वह कक्षा दसवीं की छात्रा थी। रितु पढ़ने में अच्छी थी तथा कोटिया गांव में स्थित महाबोधी आश्रम में प्रतिदिन गांव की अन्य लड़कियों के साथ पढ़ने जाती थी। चर्चा है कि गुुरुवार की रात परिवार के सदस्यों ने किसी बात को लेकर रितु को डांटा-फटकारा था। आशंका जताई जा रही है कि वह इसी से नाराज होकर रात में चुपचाप सो गई। सुबह उठने के बाद इधर-उधर घूमती रही। घर के बाहर बने बैठका के एक कमरे में दुपट्टे का फंदा बना पंखे की कुंडी से लटक कर जान दे दी। इसकी जानकारी जब उसके नाना नंद किशोर कुशवाहा को हुई, तो पूरे घर में कोहराम मच गया। थोड़ी ही देर में सैकड़ों की भीड़ जुट गई। इसी बीच घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया किशोरी की मौत को संदिग्ध मान रही है। साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। किशोरी की मौत कैसे हुई ? इसका पता लगाया जा रहा है।