जमानिया/मतसा। जमानिया कोतवाली क्षेत्र के मतसा गांव के पास बुधवार की रात पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर मवेशी लदे एक कंटेनर को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसमें लदे 70 मवेशियों को बरामद किया गया। पुलिस चालक और खलासी सहित मवेशियों को कोतवाली ले आई। जबकि पशु तस्कर मौका देखकर फरार हो गया।
क्षेत्र के मतसा गांव के पास तेज रफ्तार से जा रहा कंटेनर देर रात अनियंत्रित होकर पीपल के पेड़ से टकरा गया, जिससे पेड़ की टहनी टूटकर सड़क पर गिरने की वजह से आवागमन ठप हो गया। दोनों तरफ 18 किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई। वाहनों की इस कतार में मवेशियों से लदा एक कंटेनर भी खड़ा था। रात में करीब एक बजे सन्नाटे के बीच किसी को कंटेनर में मवेशियों के होने की आहट मिली। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही पशु तस्कर फरार हो गया। जबकि चालक और खलासी को कंटेनर के साथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने कंटेनर को खुलवाया तो उसमें 70 मवेशी लदे मिले। पुलिस कंटेनर को कब्जे में लेने के साथ ही चालक और खलासी को गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई। पुलिस ने बताया कि चालक और खलासी का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है। मवेशियों को ग्रामीणों की सुपुर्दगी में देने के साथ गौशाला भेजवाया जाएगा।