दुल्लहपुर। क्षेत्र की एक मस्जिद के पास महिलाओं ने छेड़खानी करने वाले मौलवी की जमकर धुनाई की। महिलाओं का आरोप था कि मदरसा में पढ़ने गई एक नाबालिग बालिका के साथ मौलवी ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौलाना को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मौलवी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसका संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
पुलिस के मुताबिक सुबह आठ बजे ननिहाल में रह रही तेरह वर्षीय किशोरी एक मदरसा में पढ़ने गई थी। तभी 70 वर्षीय मौलवी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। किशोरी किसी तरह मौलवी के चंगुल से बचकर भागी और अपने नानी तथा मां को यह बात बताई। धीरे- धीरे यह खबर ग्रामीणों में फैल गई और महिलाओं के झुंड ने मौलवी की धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। इस मामले में थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने मां की तहरीर पर पाक्सो एक्ट के तहत मौलवी को जेल भेज दिया। साथ ही किशोरी को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।