मुहम्मदाबाद। स्थानीय कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक अमित कुमार ने एक युवक को घर से उठाकर थाने लाया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। थाने से छूटने के बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। इस प्रकरण की जांच बैठाई गई। इसमें दोषी पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद चतुर्वेदी ने दरोगा को निलंबित कर दिया। इस प्रकरण में दरोगा के विरुद्ध विभागीय जांच बैठा दी है।
कोतवाली के चंदनी गांव निवासी रणजीत यादव और मुहम्मदाबाद के लालसन शर्मा के बीच लेनदेन का विवाद चल रहा था। यह मामला कोतवाली में पहुंचा। इस प्रकरण को लेकर दारोगा अचानक अग्रवाल टोली निवासी लालसन शर्मा को बीते 25 मई की रात घर से जबरदस्ती उठाकर थाने ले आया और बुरी तरह से मारने-पीटने लगा। इतना ही नहीं, उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी देता रहा। पूरी रात टार्चर करने के बाद अगले दिन किसी तरह लालसन को छोड़ा गया। इसके बाद, पीड़ित पुलिस कप्तान से पूरा वाकया बताया और कार्रवाई की गुहार लगाई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई के दिन दरोगा शराब के नशे में धुत था। पुलिस कप्तान ने इसे गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच मुहम्मदाबाद सीओ चंद्रपाल शर्मा को सौंप दी है। जांच के बाद सीओ ने उन्हें दोषी पाया और इसकी रिपोर्ट एसपी को सौंप दी। कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक ने दरोगा को निलंबित कर दिया।