जखनियां। भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के गजाधरपुर चट्टी पर रखी भाजपा कार्यकर्ताओं की चाय-पान की दो गुमटियों को रविवार की रात अराजकतत्वों ने गिरा दिया। सुबह जानकारी होते ही पीड़ित भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचे और तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
गजाधरपुर गांव निवासी भाजपा कार्यकर्ता जितेंद्र तिवारी और विवेक तिवारी की गांव की चट्टी पर चाय-पान की गुमटी है। रविवार की रात किसी समय अराजक तत्वों ने दोनों गुमटियों को पलट दिया। सुबह जानकारी होते ही दोनों दुकान स्वामी मौके पर पहुंच गए। उनके द्वारा सूचना दिए जाने पर कई भाजपा कार्यकर्ता और नेता भी वहां पहुंच गए। पीड़ितों जितेंद्र तिवारी और विवेक तिवारी का आरोप था कि चुनाव के समय भाजपा का प्रचार करने से कुछ अराजक तत्वों द्वारा मना किया गया था। कहा था कि हमारी पार्टी की जीत होने के बाद तुम लोगों से बात करेंगे। पीड़ित भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष प्रमोद वर्मा, मंडल अध्यक्ष उमाशंकर यादव, पूर्व प्रधान अशोक गुप्ता, जंजाली शर्मा, आईटी के प्रशांत सिंह, सत्यम चौबे, गोलू तिवारी, विवेक तिवारी, शिवशंकर चौहान, पलकधारी तिवारी आदि के साथ थाना पहुंचे और तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल पांडेय ने कहा कि राजनीतिक द्वेषवश इस घटना को अंजाम नहीं दिया गया है। पीड़ितों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरु कर दी गई है। मंगलवार को दोनों पक्षों को थाना बुलाया गया है।