दिलदारनगर। कपड़ा कारोबारी के अपहरण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से कारोबारी नाराज हैं। शुक्रवार को कारोबारियों ने आस्तीन चढ़ा ली। नाराज कारोबारी मैरेज हाल के सामने धरने पर बैठ गए। लेकिन दिन में दो बजे तक किसी अधिकारी के धरना स्थल पर न पहुंचने पर व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा और नाराज व्यापारियों ने रेलवे क्रॉसिंग के दक्षिण तरफ त्रिमुहानी पर सड़क जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करने लगे। जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी सेवराई के एक सप्ताह के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया तब सवा दो घंटे के बाद धरना समाप्त हुआ।
बीते 30 जून को जमीन विवाद को लेकर नगर के कपड़ा व्यवसायी अरविंद जायसवाल को अगवा कर ले जाते वक्त व्यापारियों ने घेर लिया था। इस प्रकरण में दिलदारनगर थाने में दो नामजद सहित 15 अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसमें दोनों आरोपियों को पुलिस की मिलीभगत से अपहरण की धारा को मारपीट में परिवर्तन करके पुलिस ने जेल भेज दिया था। इस कारण नामजद दोनों आरोपियों की जमानत हो गई थी। इस मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष मंटू राम लाइन हाजिर भी हो गए थे। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज व्यापारियों ने मारपीट के मुकदमे को अपहरण के मुकदमे में तब्दील कर जमानत पर गए आरोपियों को पुन: जेल भेजने की मांग को लेकर चार दिन पहले क्षेत्राधिकारी जमानिया आरबी सिंह से 72 घंटे के अंदर कार्रवाई की मांग की थी। 72 घंटे पूरा होने के बाद भी कारवाई न होने से आक्रोशित व्यापारी शुक्रवार को सुबह नौ बजे स्थानीय एक मैरेज हाल के सामने मैदान में धरने पर बैठ गए। दोपहर करीब दो बजे तक कोई अधिकारी धरना स्थल पर नहीं पहुंचा तो व्यापारियों ने रेलवे क्रॉसिंग के दक्षिण तरफ त्रिमुहानी पर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस मौके पर व्यापारी नेता गोपाल वर्मा ने कहा कि कारोबारी के अपहरण का प्रयास हुआ है। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर मुकदमे की कॉपी पीड़ित को दे दी लेकिन आरोपियों से मिलीभगत कर पुलिस ने अपहरण के मुकदमे में परिवर्तन कर उसे मारपीट के मामले में तब्दील कर दिया। इसकी वजह से आरोपियों की जमानत हो गई थी। इससे नगर के व्यापारी भयभीत हैं। जब तक व्यापारियों को न्याय नहीं मिलेगा तब तक यह विरोध प्रदर्शन चलता रहेगा। इस अवसर पर अमित जायसवाल, सोनू गुप्ता, गोपाल वर्मा, रमाशंकर फौजी, सुरेश कश्यप, विनोद वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल, दिलीप जायसवाल, विनोद वर्मा, प्रवीण जायसवाल, मेराज खां, दीपक गुप्ता ने विचार व्यक्त किया। चक्काजाम की जानकारी पाकर मौके पर उपजिलाधिकारी सेवराई सत्यप्रकाश श्रीवास्तव पहुंचे और उन्होंने व्यापारियों को एक सप्ताह में कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद व्यापारियों ने जाम समाप्त कर दिया।