मनिहारी(गाजीपुर)। शादियाबाद थाना क्षेत्र के मुबारकपुर उचौरी गांव के पास नहर में गुरुवार की दोपहर में एक युवक की लाश उतराई देखी गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल 100 नंबर को दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर ग्रामीणों की मदद से लाश को नहर के पानी से बाहर निकाला और मामले की छानबीन शुरू कर दी। मृतक ट्रक चालक है। उसकी पहचान हो चुकी है। ग्रामीणों की मानें तो चालक की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है।
बुधवार को बिरनो थाना क्षेत्र के भड़सर गांव के पास लावारिस हाल में मिले ट्रक के चालक सुनील यादव (36) की शव गुरुवार को शादियावाद थाना क्षेत्र मुबारकपुर उचौरी गांव के पास नहर में उतराया मिला। पुलिस मौके पर पहुँच कर शव को कब्जे में ले ली। परिजनों की मानें तो मंगलवार की शाम ट्रक चालक सुनील यादव वाराणसी से ट्रक पर माल लाद कर सादात के लिए चला था, लेकिन उसका ट्रक बुधवार की सुबह बिरनो थाना क्षेत्र के भड़सर बाजार में लावारिस हालत में खड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने चालक की खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं अता-पता नहीं चला। गुरुवार की दोपहर सुनील का शव शादियाबाद थाना क्षेत्र के मुबारकपुर उचौरी गांव के पास नहर में उतराया मिला है। शादियाबाद पुलिस ने बताया कि सुनील यादव थाना नंदगंज के कुंवरपुर का रहने वाला है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। बहुत जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।