थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव में शनिवार की देर रात सेंट्रल डिफेंस एकाउंट (सीडीए) इलाहाबाद में कार्यरत एक कर्मचारी को कुछ लोगों ने घर से बाहर बुलाया। इसके बाद से उसका कहीं पता नहीं चला है। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गहमर गांव के पट्टी भीवराय निवासी रंजीत पासवान (30) पुत्र विनोद पासवान इलाहाबाद जिले में सीडीए में कार्यरत हैं, जो दो दिन पूर्व छुट्टी लेकर घर आए थे। रंजीत को देर रात कुछ लोग घर पर बुलाने आए और लेकर कहीं चले गए। इसके बाद रंजीत से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन पूरी रात कहीं अता पता नहीं चल सका। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की और शनिवार को रात में ही स्थानीय थाने पर पहुंचकर अज्ञात लोगों के खिलाफ अगवा करने की तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने इसे गुमशुदगी का मामला मानते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में सीओ जमानिया आरबी सिंह ने बताया कि रंजीत के पिता विनोद पासवान की तहरीर पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।