दुबिहां/ कासिमाबाद (गाजीपुर)। बरेसर थाना क्षेत्र के ढोटारी चट्टी के पास सोमवार की देर रात बदमाशों ने चाय की दुकान में चारपाई पर सो रहे एक मोबाइल विक्रेता को गोली मार दी। दूसरे दिन सुबह घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वाराणसी पहुंचते ही घायल की मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस एक नामजद सहित चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
सागापाली दयाल सिंह गांव निवासी वीर बहादुर गुप्ता की ढोटारी चट्टी पर चाय, मोबाइल रिपेयर और जूता-चप्पल की दुकान है। सभी दुकानों का संचालक इनके पांच पुत्र मिलकर करते हैं। पांच पुत्रों में तीसरे स्थान के पुत्र राजेश गुप्ता (28) मोबाइल रिपेरिंग करने के साथ बेचने का काम करता था। पिता रामबहादुर कहीं रिश्तेदारी में गए हुए थे। पिता के नहीं रहने पर राजेश तेरही कार्यक्रम से वापस आकर चार की दुकान पर ही सो गया। देर रात बदमाशों ने चारपाई पर सो रहे राजेश को गोली मार दी। सुबह जब ग्रामीण चट्टी पर पहुंचे तो देखा की राजेश चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वाराणसी पहुंचते घायल की मौत हो गई। इधर घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा, एसपी ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ला और सीओ अनिल राय घटना स्थल पर पहुंच गए और परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोमवार की शाम चाय की दुकान पर कुछ युवक आए थे। दुकान पर पहले से सत्ती धाम से वापस आकर बैठी युवतियों और महिलाओं को बोली बोलने लगे। इस पर राजेश ने ऐसा करने से मना किया। साथ ही समोसा का पैसा मांगने लगा। इस पर युवकों ने उसे अगले दिन दूकान नहीं खोलने की धमकी देते हुए चले गए। मृतक के भाई राकेश गुप्ता ने एक नामजद सहित चार अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि युवक की हत्या गोली मारकर अथवा धारदार हथियार से की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इसका पता चल सकेगा। इस संबंध में सीओ अनिल राय ने बताया कि तहरीर पर एक नामजद सहित चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी हुई है।