दुल्लहपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के धर्मागतपुर निवासी एक युवक पिछले छह जनवरी को बाजार के लिए घर से निकला था। दूसरे दिन भी वह घर नहीं लौटा। इस पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बीते शुक्रवार को युवक का शव बद्धूपुर नहर में उतराया मिला। इस पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के मौत की पुष्टि डूबने से हुई है।
थाना क्षेत्र के धर्मागतपुर गांव निवासी चंबल राम (22) बीते छह जनवरी को बाजार के लिए घर से निकला था। दूसरे दिन भी जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हो गए और थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दो दिन बाद बद्धूपुर नहर के पास उसकी साइकिल मिली थी। इस पर परिजनों ने किसी अनहोनी को लेकर और भी आशंका बढ़ गई। इसी बीच 11 जनवरी की शाम नहर में चंबल राम का शव उतराया हुआ मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए परिवार के लोगों ने ग्रामीणों के साथ घटना स्थल पर गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग पर एक घंटे तक जाम भी लगाया था। पुलिस ने लोगों को यह आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में थाने की पुलिस ने बताया कि सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई है कि चंबल की मौत डूबने से हुई है।