दुल्लहपुर(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के रेवरिया गांव के मगई नदी के पास गुरुवार की शाम रामजीत राम को गेहूं के खेत की सिंचाई करते समय करीब दो वर्षीय बालक का कटा सिर मिला। इससे वहां सनसनी फैल गयी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी है।
रेवरिया गांव निवासी रामजीत राम शाम को मगई नदी के पास गेहूं के खेत की सिंचाई कर रहा था। सिंचाई करते समय उसने खेत में फेंका गया एक बच्चे का कटा सिर पड़ा देखा। कटा सिर देखते ही वह चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुन कर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी । ग्रामीणों को आशंका है कि बच्चे की हत्या कहीं और करके सिर को खेत में फेंक दिया गया होगा। देखने से बच्चे की उम्र करीब दो वर्ष पता चलती है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। थाना पुलिस को वहां भेजकर पता लगाया जा रहा है।