बहरियाबाद(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के फौलादपुर गांव में सैदपुर-चिरैयाकोट मार्ग पर रविवार की सुबह लोगों ने एक लावारिस बाइक देखी। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस बाइक को थाना ले आई। पुलिस की जांच-पड़ताल में यह बात सामने आई कि यह लूट की बाइक है।
इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया कि बीते 28 जुलाई को बहरियाबाद बाजार से उकरांव गांव निवासी निवासी अंगद राम अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9 बजे बाइक सवार बदमाश सैदपुर-चिरैयाकोट मार्ग पर उकरांव गांव स्थित संत निरंकारी भवन के पास तमंचा से आतंकित कर उनकी अपाचे बाइक सहित दो मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे। इस मामले में पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस के इसी दबाव की वजह से लुटेरों ने बाइक को फौलादपुर गांव के पास लावारिस हालत में छोड़ दिया। लुटेरों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बाइक मिलने की सूचना बाइक स्वामी को दी गई है।