गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के सहेड़ी रेलवे क्रांसिग के पास से पुलिस टीम ने गुरुवार को शक के आधार पर तीन संदिग्धों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से चार किलो सौ ग्राम अफीम और तीन मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये है। इसका खुलासा एसपी सिटी प्रदीप दूबे ने एसपी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।
उन्होंने बताया कि जनपद में अपराध पर अंकुश और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी सोमेन वर्मा द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा के कुशल नेतृत्व में गुरुवार को क्राइम ब्रांच, नंदगंज और करंडा पुलिस टीम भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान सहेड़ी रेलवे क्रासिंग के पास तीन लोग संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई पड़े। शक होने पर जैसे ही पुलिस टीम उनके पास पहुंची खड़े तीनों व्यक्ति वहां से भागने लगे। इस पर घेराबंदी करके पुलिस ने तीनों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से चार किलो सौ ग्राम अफीम और तीन मोबाइल बरामद किया। बताया कि पकड़े तस्करों ने अपना नाम नगसर थाना क्षेत्र के गोंहदा विशुनपुरा गांव निवासी राम लखन पाल, पश्चिम बंगाल प्रांत के बकुरा थाना क्षेत्र के लालवा गांव निवासी लखन चौधरी और दिलदारनगर थाना क्षेत्र के निरहू का पुरा निवासी रामदयाल यादव बताया। गिरफ्तार आरोपी लखन चौधरी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह भारी मात्रा में अवैध अफीम बिक्री के लिए पश्चिम बंगाल से उत्तर प्रदेश लेकर आता है। आरोपी रामदयाल के माध्यम से अफीम बिक्री की जाती है। पूछताछ में रामलखन ने बताया कि आज भी हम लोग अफीम बिक्री लिए जा रहे थे कि तभी पुलिस द्वारा पकड़ लिए गए। पकड़े गए आरोपियों के के पास से पुलिस ने चार किलो सौ ग्राम अफीम और तीन मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए अफीम की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये है। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
....