फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भगवान गणेश की अष्टधातु की मूर्ति चोरों ने उड़ाई

विज्ञापन
विज्ञापन
दिलदारनगर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के वायरलेस मोड़ स्थित अघोर सेवा मंडल द्वारा संचालित संस्था गिरनार आश्रम के गर्भगृह में स्थापित भगवान गणेश की अष्टधातु की मूर्ति बुधवार की रात चोरों ने उड़ा दी। दूसरे दिन घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। आश्रम के सचिव की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन

ग्रामीणों के मुताबिक मंदिर के पुजारी रोज की तरह देर शाम आरती करने के बाद आश्रम का मुख्य दरवाजा बंद कर सोने चले गए। देर रात चोर आश्रम के पीछे की चहारदीवारी फांद कर घुस गए और मंदिर के दरवाजे का ताला तोड़ कर गर्भगृह में स्थापित भगवान गणेश की अष्टधातु की मूर्ति चुरा कर फरार हो गए। गुरुवार की सुबह जब मंदिरों की साफ-साफ होनी शुरू हुई, तो गणेश मंदिर का दरवाजा खुला देख आश्रम में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंच कर देखा कि भगवान गणेश की मूर्ति गायब थी। तत्काल लोगों ने इसकी सूचना आश्रम के सचिव अरविंद सिंह और पुलिस को दी। अष्टधातु की मूर्ति चोरी होने की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और सचिव भी मौके पर पहुंच गए। सचिव ने पुलिस को बताया कि बीते वर्ष 2000 में भगवान गणेश की अष्टधातु की मूर्ति आश्रम परिसर में आश्रम के संस्थापक अवधूत बाबा सिंह शावक राम बाबा द्वारा स्थापित कराई गई थी। इस मूर्ति को बाबा द्वारा नेपाल से मंगवाया गया था। मूर्ति ढाई फुट ऊंची और लगभग पांच किलो वजन की थी। इसकी कीमत बाजार में लाखों रुपये बताई जाती है। सचिव ने इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। इसके आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि संस्था के सचिव अरविंद सिंह की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। एसपी सोमेन वर्मा ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है। चोरों की गिरफ्तारी और मूर्ति बरामदगी जल्द से जल्द करने का निर्देश पुलिस टीम को दे दिया गया है।
विज्ञापन

....
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें