गहमर (गाजीपुर)।
थाना क्षेत्र के एक गांव से ट्यूशन पढ़ने गई कक्षा 11 की छात्रा शनिवार की देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। छात्रा की मां ने गांव के ही एक युवक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा 11 की छात्रा स्कूल से घर वापस आने के बाद अपने परिजनों से ट्यूशन पढ़ने की बात कहकर कोचिंग चली गई। देर शाम जब छात्रा घर नहीं लौटी तब परिजन परेशान होकर उसकी अन्य सहेलियों से पूछताछ करने लगे। इसके बाद उन्होंने कोचिंग सेंटर संचालक से पूछताछ की। देर रात तक छात्रा घर नहीं लौटी तो किसी अनहोनी की आशंका से डरे परिजन थाना पहुंचे और गांव के ही एक युवक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस छात्रा की मां की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर छानबीन में जुट गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि छात्रा की मां की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर छानबीन की जा रही है।