गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के बीकापुर गांव स्थित विजय आईटीआई में शुक्रवार को परीक्षार्थियों द्वारा की गई तोड़-फोड़ के मामले में प्रबंधक द्वारा शनिवार को अज्ञात परीक्षार्थियों के खिलाफ तहरीर दी गई। केस दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
मालूम हो कि बीकापुर गांव स्थित विजय आईटीआई में मारुति कंपनी की ओर से कैंपस सेलेक्शन होना था। इसमें कई जिले के परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए आए थे। काफी देर तक बाहर खड़े होने के बाद भी परीक्षा के लिए कालेज का गेट न खुलने पर परीक्षार्थियों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने हो-हल्ला शुरु करते हुए तोड़-फोड़ करना शुरु कर दिया था। कालेज की चहारदीवारी, गेट, एलसीडी टीवी को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई थी। इससे फुल्लनपुर-बीकापुर मार्ग पर आवागमन में अवरोध उत्पन्न हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कालेज प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस के पहुंचते ही परीक्षार्थी वहां से भाग खड़े हुए थे। हंगामा करने वाले परीक्षार्थियों का आरोप था कि मारुति सुजुकी के नाम से वैकेंसी आई थी। इसका हम लोगों ने आनलाइन फार्म भरा था। प्रवेश पत्र पर इसी कालेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। सड़क पर परीक्षार्थियों के उत्पात की वजह से करीब आधा घंटा तक आवागमन ठप रहा। घटना के दिन कालेज प्रशासन की तरफ से मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस को पूछताछ में कालेज प्रशासन की ओर से बताया गया था कि उन्हें भर्ती की कोई सूचना नहीं थी। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने बताया कि शनिवार को कालेज के प्रबंधक गौतम कुमार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरु कर दी गई है।