गहमर(गाजीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव स्थित बाबूराय पट्टी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में रविवार को हुई मारपीट में महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी हुई है।
फौजी बीरभान सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि अपने दरवाजे पर बैठा था। इसी बीच करंडा थाना क्षेत्र के कटरिया निवासी राघवेंद्र सिंह और उनकी पत्नी जानकी देवी पुरानी रंजिश को लेकर दरवाजे पर चढ़ गए और मारने पीटने लगे। ग्रामीणों ने बीच-बचाव करके किसी तरह मामले को शांत कराया, जबकि विपक्षी जानकी देवी ने दी गई तहरीर में पुलिस को बताया कि फौजी बीरभान सिंह सुबह बाइक से आया और भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। जब गाली देने से मना किया गया तो मारपीट करने के साथ कपड़े भी फाड़ दिए। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज कर घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। मेडिकल परीक्षण के लिए तीनों को सीएचसी भदौरा भेजा गया। जहां से फौजी बीरभान के सिर में गंभीर चोट होनेे पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। मेडिकल रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाई की जाएगी।