सुहवल। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के उत्तरौली गांव के खलिहान में दो दर्जन से अधिक किसानों का रखा सैकड़ों बिग्हे धान और पुवाल में रविवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। घटना में पुआल की बोझ और धान जलकर राख हो गया। सोमवार को घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना अग्निशमन दस्ते और पुलिस को दी। अग्निशमन दस्ते और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। तब-तक सब कुछ जलकर राख हो गया था। पीड़ित किसानों ने बताया कि गांव के उत्तर तरफ स्थित पुराने श्मशान घाट के पास काली मंदिर के बगल में स्थित खलिहान में गांव के ही भोला यादव, नंदलाल पांडेय, चंद्रमोहन पांडेय, सुदर्शन यादव, सुरेश यादव, सुरेंद्र यादव, नरेश पाल ,राजेंद्र गुप्ता, शिवमूरत खरवार, उदय पाल, मिर्चंद शाह, बिहारी पाल, शशिकांत पाल, मोती पाल, बद्रेआलम, मुन्ना यादव, योगेंद्र पासवान, तेजू पासवान, श्रवण पाल, रामरती देवी, भोला शर्मा, जंगबहादुर, घूरा पासवान, जमुना सिंह सहित अन्य लोगों का लगभग 100 बीघा का रखा हजारों बोझ धान और पुवाल आग की घटना में जलकर राख हो गए।
देवकली संवाददाता के अनुसार सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के जेवल गांव स्थित हरिजन बस्ती निवासी सेवानिवृत्त पोस्टमैन रामप्रसाद के घर में रविवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों से आग लगने से बक्से में रखा हजारों रुपया नगद सहित हजारों का सामान जलकर राख हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भिड़ लग गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।